कुल्लू-मनाली के आध्यात्मिक प्रवास पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, नग्गर आश्रम में की पूजा-अर्चना

8 जून : रामनाथ कोविंद इन दिनों कुल्लू-मनाली के निजी दौरे पर हैं। रविवार को वह नग्गर पहुंचे, जहां वह पूज्य सुधांशु महाराज के विश्व जागृति मिशन आश्रम में ठहरे हुए हैं।

सोमवार को आश्रम प्रबंधन की ओर से पूर्व राष्ट्रपति और उनके परिवार का पारंपरिक कुल्लवी रीति-रिवाजों के अनुसार भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और आश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस दौरान आश्रम परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और उनके स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं।

पूजा-अर्चना के उपरांत रामनाथ कोविंद ने कृषि भूमि प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन भी किया। अपने तीन दिवसीय निजी प्रवास के दौरान वह आश्रम में विभिन्न आध्यात्मिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे।

गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति इससे पहले अपने कार्यकाल के दौरान भी हिमाचल प्रदेश का दौरा कर चुके हैं। देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और आध्यात्मिक माहौल से प्रभावित होकर उन्होंने एक बार फिर अपने निजी प्रवास के लिए कुल्लू-मनाली को चुना है।

उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरे दिन सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ उनके प्रवास को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *