8 जून: पुलिस थाना देहरा के तहत मूहल गांव में खेत में काम कर रही एक महिला के घायल होने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में तकरेड़-मूहल निवासी प्रकाश चंद ने बताया कि वह अपनी पत्नी शशि बाला के साथ घर के समीप खेतों में कार्य कर रहा था। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर मोटरयुक्त कृषि यंत्र (पावर टिल्लर) से उनकी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों द्वारा घायल महिला को उपचार के लिए देहरा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस थाना देहरा ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।