5 जून, रवि दत्त भारद्वाज: राजगढ़ नगर पंचायत के नव निर्वाचित वार्ड सदस्यों को शुक्रवार को आयोजित एक सादे एवं गरिमामय समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाते हुए जनहित, पारदर्शिता और नगर विकास के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण समारोह में नगर के गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। इस दौरान वार्ड नंबर-1 से नरेंद्र ठाकुर, वार्ड नंबर-2 से पूर्ण चंद, वार्ड नंबर-3 से विमला कश्यप, वार्ड नंबर-4 से ज्योति साहनी, वार्ड नंबर-5 से रीना कुमारी, वार्ड नंबर-6 से विक्रम जेलदार तथा वार्ड नंबर-7 से राकेश कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। 
नव निर्वाचित प्रतिनिधियों ने नगर पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, आधारभूत सुविधाओं में सुधार तथा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समारोह में उपस्थित लोगों ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर एसडीएम राजगढ़ राज कुमार ठाकुर ने कहा कि सभी निर्वाचित सदस्य लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक दायित्वों का पालन करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे तथा नगर पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से भी जनहित के कार्यों में पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
शपथ ग्रहण के साथ ही नगर पंचायत राजगढ़ के नव निर्वाचित वार्ड सदस्यों ने आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है। अब नगरवासियों को इन जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों में तेजी, बेहतर नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की उम्मीद है।