4 जून: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून-जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली मैट्रिक और जमा-2 की सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट, सुधार तथा अतिरिक्त विषय की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। बोर्ड द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब विद्यार्थी बिना किसी विलंब शुल्क के 5 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें 10 जून 2026 तक 1,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर दिया जाएगा।
सभी पात्र विद्यार्थियों को अपने आवेदन संबंधित स्कूलों या शिक्षण संस्थानों के माध्यम से ही ऑनलाइन जमा करवाने होंगे। बोर्ड के अनुसार परीक्षा शुल्क और पात्रता से संबंधित अन्य सभी शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी तथा इनमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय पर आवेदन करने से तकनीकी समस्याओं और अन्य असुविधाओं से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जून-जुलाई में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं के लिए बिना विलंब शुल्क के 5 जून तक तथा 1,000 रुपये लेट फीस के साथ 10 जून तक आवेदन किए जा सकते हैं। सभी आवेदन केवल संबंधित स्कूलों के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।