1 जून: महंगाई के बीच कमर्शियल गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। सोमवार से शिमला में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब 19 किलोग्राम का कमर्शियल गैस सिलेंडर 3215 रुपये में उपलब्ध होगा, जबकि पहले इसकी कीमत 3165 रुपये थी।
कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का असर होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों पर पड़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि बढ़ती लागत के कारण खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी इजाफा करना पड़ सकता है। पहले से ही बढ़े हुए खर्चों के बीच यह बढ़ोतरी उनके लिए अतिरिक्त बोझ साबित हो रही है।
होटल और ढाबा संचालकों के अनुसार प्रदेश के कई पर्यटन क्षेत्रों में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की उपलब्धता भी चुनौती बनी हुई है। कुछ स्थानों पर पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण कारोबारियों को वैकल्पिक रूप से इलेक्ट्रिक चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उधर, गैस एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि देशभर में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। शिमला में भी नई दरें लागू हो गई हैं। साथ ही उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं।