1 जून: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) से बीटेक करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक कार्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी यूनिवर्सिटी के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर जाकर 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित विषयों में कुल मिलाकर न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए तथा अंग्रेजी विषय में पास होना अनिवार्य है। अनारक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत, ओबीसी वर्ग के लिए 55 प्रतिशत और एससी, एसटी व दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 50 प्रतिशत अंकों की पात्रता निर्धारित की गई है।
प्रवेश के लिए उम्मीदवार का जेईई मेन्स 2026 में शामिल होना भी जरूरी है। जिन छात्रों की 12वीं परीक्षा में कंपार्टमेंट आई है, वे इस प्रवेश प्रक्रिया के लिए पात्र नहीं होंगे।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 1500 रुपये तथा एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के लिए 1200 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने बीटेक कार्यक्रम के लिए प्रवेश शुल्क 2,35,200 रुपये तय किया है, जिसे शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान संशोधित किया जा सकता है। सीट आवंटन के बाद उम्मीदवारों को प्रवेश की पुष्टि के लिए 1 लाख रुपये जमा करने होंगे। निर्धारित समय के भीतर शुल्क जमा नहीं करने पर आवंटित सीट स्वतः रद्द कर दी जाएगी और अभ्यर्थी आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे।