1 जून: कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के कसोल स्थित एक होटल में स्थानीय युवकों और पंजाब से आए पर्यटकों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें बगियांदा का एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल का उपचार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना मणिकर्ण की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान पंजाब के तरनतारन, अमृतसर, फिरोजपुर और गुरदासपुर जिलों के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है।
एसपी कुल्लू ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।