साच पास से लौट रहे पर्यटकों की कार खाई में गिरी, 8 की दर्दनाक मौत

1 जून: चंबा जिले के चुराह उपमंडल में चंबा-साच पास-किलाड़ मार्ग पर कालाबन के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद दो दिनों से लापता लोगों के शव रविवार को गहरी खाई से बरामद किए गए। एडीसी चंबा अमित मैहरा और एसपी विजय सकलानी की मौजूदगी में चलाए गए रेस्क्यू अभियान के दौरान पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को बाहर निकाला।

मृतकों में कर्नाटक के बेंगलुरु से घूमने आए दो परिवारों के सात सदस्य और बनीखेत निवासी वाहन चालक शामिल हैं। मृतकों की पहचान अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची, बेटे दर्श और अक्षाद, पीजी कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला, बेटे नंदन तथा चालक विश्वास के रूप में हुई है। जिला प्रशासन ने सभी परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

जानकारी के अनुसार सभी लोग शुक्रवार को साच पास में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की। शनिवार दोपहर कालाबन के पास एक वाहन गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला। दुर्गम क्षेत्र, खराब नेटवर्क और खाई की अधिक गहराई के कारण शनिवार शाम को बचाव अभियान रोकना पड़ा था।

रविवार सुबह दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में वाहन सवार सभी आठ लोग मृत पाए गए। शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। चालक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि कर्नाटक के सात लोगों के शवों का पोस्टमार्टम उनके परिजनों के चंबा पहुंचने के बाद किया जाएगा।

पुलिस ने हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने रेस्क्यू अभियान में सहयोग देने वाले स्थानीय लोगों की सराहना की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *