1 जून: हिमाचल प्रदेश के लाखों लोगों और पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश की ऐतिहासिक कांगड़ा घाटी नैरोगेज रेल सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल मार्ग पर 2 जून से ट्रेनों का संचालन बहाल किया जाएगा, जिससे लंबे समय से रेल सेवा का इंतजार कर रहे यात्रियों में खुशी का माहौल है।
चक्की पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण यह रेल सेवा काफी समय से प्रभावित थी। अब रेलवे विभाग ने सभी जरूरी तकनीकी कार्य और सुरक्षा संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शुरुआती चरण में सीमित संख्या में ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। जल्द ही रेलवे की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी किए जाने की संभावना है।
रेलवे ने चक्की नदी पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से नया आधुनिक पुल तैयार किया है। फरवरी 2026 में रेलवे सुरक्षा आयुक्त द्वारा पुल का विस्तृत निरीक्षण किया गया था, जिसके बाद इसे रेल यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित और उपयुक्त घोषित कर दिया गया।
रेल सेवा बहाल होने से कांगड़ा घाटी क्षेत्र के लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया बल मिलने की उम्मीद है।