हिमाचल के सरकारी स्कूलों को मिलेगा नया स्वरूप : CM सुक्खू

26 मई: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी स्कूलों को देश के बेहतरीन शिक्षण संस्थानों में बदलने के लिए लगातार काम कर रही है। सोमवार को शिमला स्थित नव उन्नत सीबीएसई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्रों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में बड़े सुधार किए जा रहे हैं और आने वाले समय में इनके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों से सीधे बातचीत करने का उद्देश्य स्कूलों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना है। उन्होंने सरकारी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक मेहनती और योग्य हैं तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से चयनित होकर आए हैं।

इस दौरान छात्रों ने पढ़ाई, खेल, करियर और स्कूलों में सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल पूछे। छात्र आरव ठाकुर के सवाल पर मुख्यमंत्री ने अपने स्कूल जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना पसंद था। इसके अलावा वह हॉकी, क्रिकेट और हैंडबॉल खेलते थे तथा हैंडबॉल टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। उन्होंने ट्रैकिंग के अपने शौक का भी जिक्र किया।

छात्रों ने स्कूल में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि भौतिकी विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं और राजनीतिक विज्ञान के लिए केवल एक शिक्षक है। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि 30 जून से पहले सभी रिक्त पद भर दिए जाएंगे, क्योंकि स्कूल को अब सीबीएसई प्रणाली के तहत अपग्रेड किया गया है।

मुख्यमंत्री ने छात्रों को अनुशासन और मेहनत को सफलता की कुंजी बताते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *