बिलासपुर में 3 किलो चरस संग 5 आरोपी गिरफ्तार, कार की डिक्की से बरामद हुई खेप

26 मई: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गरामोड़ा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 3.005 किलोग्राम चरस बरामद कर मंडी जिले के पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस टीम गरामोड़ा फोरलेन पर वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान कैंचीमोड़ की तरफ से कीरतपुर जा रही कार (HP 01KA-7012) को जांच के लिए रोका गया। गाड़ी में पांच लोग सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए। उनके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिस ने कार की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग से 3.005 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंडी जिले की बालीचौकी तहसील के थाची क्षेत्र निवासी ठाणेदार पुत्र दयाराम, किशन चंद पुत्र गणु राम, गोपाल पुत्र देवे राम, भाग चंद पुत्र लोहारु राम और दया राम पुत्र धर्मदास के रूप में हुई है।

पुलिस थाना स्वारघाट में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस तक पहुंचाया जाना था। मामले की पुष्टि एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *