17 मई: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। चंबा जिले की सीमा पर कटोरी बंगला के पास पुलिस ने दिल्ली नंबर की लग्जरी कार से 204 ग्राम चिट्टा बरामद कर पंजाब के 4 युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ नूरपुर और चंबा की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात नाकाबंदी के दौरान पठानकोट की ओर से आ रही हुंडई वर्ना कार को जांच के लिए रोका। पूछताछ के दौरान कार में सवार युवक घबरा गए, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी में 204 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदास सिंह, सोनू, प्रदीप सिंह और गुरदीप सिंह निवासी अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी चंबा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।