17 मई : NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए कहा कि बार-बार पेपर लीक होने के बावजूद शिक्षा मंत्री को अब तक पद से क्यों नहीं हटाया गया।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए 2024 और 2026 के NEET पेपर लीक मामलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 2024 में पेपर लीक के बावजूद परीक्षा रद्द नहीं हुई, जबकि 2026 में परीक्षा रद्द करनी पड़ी, लेकिन दोनों ही मामलों में शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से तीन बड़े सवाल पूछे—
- बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं?
- “परीक्षा पे चर्चा” पर सरकार चुप क्यों है?
- लगातार विफल हो रहे शिक्षा मंत्री को हटाया क्यों नहीं जा रहा?
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार जवाबदेही से बच रही है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि NEET घोटाले से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
वहीं, NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में NTA कार्यालय के बाहर छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने और NTA पर कार्रवाई की मांग उठाई।