15 मई, कविता शांति गौतम: शहरी निकाय चुनाव 2026 के तहत 17 मई को होने वाले नगर परिषद नालागढ़ चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि नगर परिषद के 9 वार्डों में कुल 6962 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3393 पुरुष, 3568 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से सभी वार्डों के लिए 9 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि वार्ड नंबर-3 हरिजनवाला और वार्ड नंबर-7 घईयांवाला के मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि वार्ड नंबर-9 वैदावाला का मतदान केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।
प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की है।