ट्रांसजेंडर आइकन माया ठाकुर ने CM सुक्खू से की कानूनों में बड़े बदलाव की मांग

15 मई: हिमाचल प्रदेश में ट्रांसजेंडर समुदाय की प्रमुख आवाज बन चुकी माया ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर आपराधिक और श्रम कानूनों में व्यापक सुधार की मांग उठाई है। सोलन जिले की रहने वाली माया ठाकुर ने कहा कि आज भी ट्रांसजेंडर समुदाय को शिक्षा, रोजगार और समाज में सम्मान पाने के लिए भारी भेदभाव का सामना करना पड़ता है।

माया ठाकुर ने हिमाचल सरकार की उस पहल की सराहना की, जिसके तहत युवाओं को दुबई और सऊदी अरब जैसे देशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में ट्रांसजेंडर लोगों के लिए सम्मानजनक नौकरी मिलना तो दूर, किराये पर कमरा लेना भी बेहद मुश्किल है। उनका मानना है कि समाज में गहरी जड़ें जमा चुके भेदभाव के कारण यह स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने जर्मनी और नॉर्वे जैसे यूरोपीय देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए अधिक सुरक्षित और समावेशी माहौल है। माया ने सुझाव दिया कि हिमाचल सरकार यूरोपीय देशों के साथ विशेष साझेदारी कर ट्रांसजेंडर समुदाय के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए।

सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र के कोठी गांव की निवासी माया ठाकुर ने अपनी पहचान को लेकर कहा कि वह जन्म से पुरुष हैं, लेकिन उनकी पहचान एक ट्रांसजेंडर महिला के रूप में है। उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को अक्सर गलत तरीके से किन्नर समुदाय के साथ जोड़ दिया जाता है, जबकि उनकी पहचान अलग है।

माया ठाकुर की ‘हिमाचल प्रदेश सिस्टमिक रिफॉर्म्स इनिशिएटिव’ पहल के तहत आपराधिक कानूनों में संशोधन, मजदूरों के शोषण पर रोक और सख्त ओवरटाइम कानून लागू करने की मांग की गई है। उन्होंने अतिरिक्त काम के बदले कर्मचारियों को उचित भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार के मामलों में त्वरित कार्रवाई, सख्त कानून व्यवस्था और तकनीकी कौशल विकास के लिए यूरोपीय विशेषज्ञों की मदद लेने का सुझाव भी दिया।

माया ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को अब पुरानी नीतियों से आगे बढ़कर बड़े और व्यवस्थित बदलावों की जरूरत है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *