15 मई: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में कार में आगजनी के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने देर रात घर के बाहर खड़ी कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पीड़ित रणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि 3/4 मई की रात करीब 2 बजे धुएं और शोर की आवाज सुनकर वह बाहर पहुंचे तो उनकी कार आग की लपटों में घिरी हुई थी। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी।
घटना के बाद घर में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई, जिसमें दो बाइकों पर सवार 5 युवक दिखाई दिए। फुटेज में आरोपी पेट्रोल डालकर कार को आग लगाते और मौके से फरार होते नजर आए।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हरियाणा निवासी कमल और निखिल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।