15 मई: कुल्लू जिले की पार्वती घाटी में दिल्ली का एक 24 वर्षीय पर्यटक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक अपने दोस्तों के साथ मलाणा और वाइचिन घाटी घूमने आया था। कई घंटों तक वापस न लौटने और फोन बंद मिलने के बाद दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी।
लापता युवक की पहचान मोहित चौधरी निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह 10 मई को वाइचिन घाटी स्थित एक कैफे से सामान लेने बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मणिकर्ण पुलिस ने मामला दर्ज कर इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे बिना गाइड के अनजान ट्रैकिंग रूट्स और जंगलों की ओर न जाएं।
गौरतलब है कि पार्वती घाटी पहले भी रहस्यमयी गुमशुदगी के मामलों को लेकर चर्चा में रही है। आंकड़ों के अनुसार पिछले 20 वर्षों में इस क्षेत्र से 1000 से अधिक लोग लापता हो चुके हैं, जिनमें कई विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं।