15 मई: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी के नेता अब केवल सोशल मीडिया तक सीमित होकर रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साल आई आपदा के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये का राहत पैकेज आज तक हिमाचल को नहीं मिला, लेकिन भाजपा नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं।
सुक्खू ने कहा कि भाजपा आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है और नगर निगम चुनावों में भी पार्टी के भीतर असंतोष साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व भाजपा सरकार प्रदेश पर भारी कर्ज छोड़कर गई, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे सरकार बनने के पहले दिन से ही गिरने की भविष्यवाणी कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार मजबूती से काम कर रही है। इस दौरान कांग्रेस ने नगर निगम चुनावों के लिए अपना संकल्प पत्र भी जारी किया।