11 मई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय लाइनमैन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान मोहन लाल उर्फ मोनू निवासी रानीताल के रूप में हुई है, जो विद्युत उपमंडल विंद्रावन में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रविवार रात आए तेज तूफान के कारण कई स्थानों पर बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। सोमवार सुबह मोहन लाल अन्य कर्मचारियों के साथ निगम वार्ड-7 विंद्रावन के जंगल क्षेत्र में बिजली लाइन ठीक करने पहुंचा था।
मरम्मत कार्य के दौरान मोहन लाल खंभे पर चढ़कर तारों को ठीक कर रहा था, जबकि नीचे मौजूद कर्मचारी तार खींचने का काम कर रहे थे। सुरक्षा के तहत बिजली लाइन बंद की गई थी, लेकिन इसी बीच पीछे से किसी कर्मचारी द्वारा लाइन दोबारा चालू कर दी गई। लाइन चालू होते ही तारों में करंट दौड़ गया। नीचे काम कर रहे कर्मचारियों ने तुरंत तार छोड़ दिए, लेकिन खंभे पर मौजूद मोहन लाल करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में विभागीय लापरवाही की आशंका भी जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मोहन लाल की शादी कुछ ही महीने पहले हुई थी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।