11मई: सिरमौर जिले के श्री रेणुका जी क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जलाल पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ददाहू अस्पताल भेज दिया।
मृतक की पहचान तिरमली निवासी रमेश्वर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश्वर पिछले करीब दो दिनों से काफी डरा-सहमा नजर आ रहा था। वह लोगों से यह भी कह रहा था कि कोई उसका पीछा कर रहा है।
सोमवार सुबह पुल के नीचे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति ने पुल से छलांग लगाई हो, हालांकि पुलिस अन्य संभावनाओं को भी ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।