HRTC कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, 11 मई बीतने के बाद भी नहीं मिला वेतन

11 मई: एचआरटीसी कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। 11 मई बीत जाने के बावजूद कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि सोमवार को वेतन जारी कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

कर्मचारी महासंघ इंटक ट्रांसपोर्ट ने लंबित वेतन को लेकर प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष समर चौहान ने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारी हर कठिन परिस्थिति में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने कहा कि वेतन में लगातार हो रही देरी के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी अपने परिवार के पालन-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए वेतन पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में समय पर सैलरी न मिलना कर्मचारियों के साथ अन्याय है।

महासंघ ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन से मांग की है कि कर्मचारियों के लंबित वेतन का जल्द भुगतान किया जाए और भविष्य में समय पर वेतन सुनिश्चित करने के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए। समर चौहान ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी महासंघ आगामी रणनीति बनाने को मजबूर होगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *