सिरमौर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, दो पक्षों में चले डंडे-ईंटें और तेजधार हथियार; 15 घायल

10 मई: सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के संतोषगढ़ क्षेत्र में रविवार को शामलात भूमि को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। दोनों ओर से लोग डंडे, ईंट-पत्थर और तेजधार हथियार लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल 15 लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार पांवटा साहिब अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार विवाद उस समय बढ़ा जब एक पक्ष अपने पुश्तैनी कब्जे वाली शामलात भूमि पर बुवाई कर रहा था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने खेत में पहुंचकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि संबंधित भूमि की अभी तक विधिवत तकसीम नहीं हुई है और प्रशासन की मौजूदगी में ही बुवाई करने की बात तय हुई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि पूरा क्षेत्र रणक्षेत्र में बदल गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में महिला और पुरुष एक-दूसरे पर ईंट, पत्थर, डंडे और गंडासी से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।

बताया जा रहा है कि इस भूमि विवाद को लेकर कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हो चुकी थी। मामला पुलिस और स्थानीय प्रशासन के पास लंबित बताया जा रहा है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, मगर दोनों पक्ष पुलिस की मौजूदगी में भी भिड़ते रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *