10 मई: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में नौवीं कक्षा के छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र पिछले 12 दिनों से आईजीएमसी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था।
मृतक की पहचान 14 वर्षीय तनिष कौशल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 29 अप्रैल की दोपहर तनिष स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान संजौली में एक निर्माणाधीन भवन से अचानक ईंट नीचे गिर गई, जो सीधे उसके सिर पर लगी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसे तुरंत आईजीएमसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे आईसीयू और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा था। मगर रविवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं। वहीं, संजौली थाना पुलिस ने बच्चे की मां की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद छात्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे संजौली क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है।