11 मई: पुलिस थाना तलाई के तहत आने वाली एक ग्राम पंचायत के गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग छात्र ने कथित रूप से मानसिक तनाव के चलते घर में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार छात्र 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में कंपार्टमेंट आने के बाद काफी परेशान चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में था। रविवार को परिजनों ने उसे घर में फंदे से लटका हुआ देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारी संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।