ऊना में पंचायत चुनावों के लिए वोटर लिस्ट फाइनल, 26 मई से शुरू होगी वोटिंग

10 मई: पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 को लेकर जिला ऊना में अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि जिले में कुल 3,79,459 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,88,945 पुरुष और 1,84,724 महिला मतदाता शामिल हैं।

विकास खंडवार जारी आंकड़ों के अनुसार अंब विकास खंड में 75,053 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 37,716 पुरुष और 36,202 महिला मतदाता शामिल हैं। बंगाणा विकास खंड में कुल 63,506 मतदाता हैं, जिनमें 31,229 पुरुष और 30,827 महिला मतदाता शामिल हैं।

गगरेट विकास खंड में 72,324 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 35,949 पुरुष और 35,355 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं हरोली विकास खंड में कुल 88,062 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 43,944 पुरुष और 43,117 महिला मतदाता हैं। इसके अलावा ऊना विकास खंड में कुल 80,514 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 40,223 पुरुष और 39,223 महिला मतदाता शामिल हैं।

पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायतों में 26, 28 और 30 मई को मतदान कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *