23 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए छठी कक्षा में प्रवेश की चयन परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी। इसके लिए नवोदय विद्यालय समिति ने प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। आवेदन करने वाले विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य है। विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रवेश पत्र पर दर्ज अनुक्रमांक, परीक्षा केंद्र और अन्य जानकारियों की अच्छी तरह जांच करने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में परीक्षा के आयोजन के लिए केंद्र बनाए गए हैं। कांगड़ा जिले में 28, चंबा में 15 और शिमला में 16 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी। अन्य जिलों में भी परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। इस चयन परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालयों में छठी कक्षा में प्रवेश का अवसर मिलेगा। ये आवासीय विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाते हैं। अभ्यर्थियों को समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड करने और उसमें दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।