23 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एचएएस प्रारंभिक परीक्षा-2026 की तारीख और परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षा 13 दिसंबर 2026 (रविवार) को प्रदेशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में दो सत्रों में आयोजित की जाएगी।
लोक सेवा आयोग की सचिव रीमा कश्यप ने बताया कि पहले सत्र में पेपर-1 सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगा, जबकि दूसरे सत्र में पेपर-2 दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा के लिए ई-एडमिट कार्ड और विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर बाद में अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड जारी होने के बाद उसमें दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
आयोग ने परीक्षा केंद्रों में प्रवेश को लेकर सख्त समय सीमा निर्धारित की है। सुबह के सत्र में 9:30 बजे और दोपहर के सत्र में 1:30 बजे परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस नियम में किसी भी परिस्थिति में छूट नहीं दी जाएगी।
इस बार परीक्षा में फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू करने की भी तैयारी है। इस प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में समय लग सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को सुबह के सत्र के लिए 8:30 बजे और दोपहर के सत्र के लिए 12:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
परीक्षा से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी आयोग के दूरभाष नंबर 0177-2629738 और 0177-2624313 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोल फ्री नंबर 1800-180-8004 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।