मानव भारती फर्जी डिग्री घोटाले में 280 जवाब तैयार करने पर लॉ ऑफिसर मनोज चौहान सम्मानित

23 नवम्बर, कविता शान्ति गौतम : मानव भारती विश्वविद्यालय फर्जी डिग्री घोटाले से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण कानूनी भूमिका निभाने वाले पुलिस अधीक्षक कार्यालय सोलन में तैनात एडीए एवं लॉ ऑफिसर मनोज चौहान को सम्मानित किया गया है। हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, आईपीएस ने उन्हें प्रशंसा पत्र प्रदान कर उनकी कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना की।

मनोज चौहान को यह सम्मान फर्जी डिग्री घोटाले से संबंधित मामलों में करीब 280 जवाब तैयार कर सर्वोच्च न्यायालय और हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में दाखिल करने में अहम योगदान देने के लिए दिया गया है। उन्होंने इन मामलों में स्वतंत्र रूप से कानूनी दस्तावेज तैयार किए और विशेष जांच दल (एसआईटी) के साथ-साथ दस्तावेज सत्यापन समिति को भी महत्वपूर्ण कानूनी सहयोग प्रदान किया।

डीजीपी की ओर से जारी प्रशंसा पत्र में मनोज चौहान की व्यावसायिक दक्षता, त्वरित कानूनी सहायता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की विशेष रूप से सराहना की गई है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *