10 मई: प्रदेश के चारों नगर निगमों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है। कांग्रेस ने चुनाव प्रचार को तेज करते हुए अपने वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों को मैदान में उतार दिया है। पार्टी ने जीत सुनिश्चित करने के लिए वार्ड स्तर तक रणनीति तैयार कर ली है।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार से पालमपुर नगर निगम में चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली। उन्होंने विभिन्न वार्डों में जनसभाएं और बैठकें कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। रविवार को भी उनका पालमपुर में प्रचार अभियान जारी रहेगा।
नगर निगम सोलन में भी मंत्रियों और संगठन के नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने बैठक कर चुनाव प्रचार की रणनीति पर मंथन किया।
धर्मशाला में कृषि मंत्री चंद्र कुमार सहित कांग्रेस विधायक और संगठन पदाधिकारी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। दूसरी ओर नगर निगम मंडी में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रभारी के तौर पर बैठकें कीं और पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र भी जारी किया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन चुनावों को बेहद अहम मानते हुए वार्ड स्तर पर भी प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रचार समितियों में तीन से चार नेताओं को शामिल कर जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियों को मजबूत किया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि आने वाले दिनों में पार्टी के कई और वरिष्ठ नेता भी चुनाव प्रचार में उतरेंगे, जिससे चारों नगर निगमों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।