HPBOSE 10वीं रिजल्ट जारी, 83.87% विद्यार्थी पास; कांगड़ा की अनमोल बनी प्रदेश टॉपर

10 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। धर्मशाला स्थित बोर्ड मुख्यालय में अध्यक्ष द्वारा परिणाम जारी किए जाने के साथ ही प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थियों का इंतजार समाप्त हो गया। इस वर्ष 10वीं कक्षा का कुल परीक्षा परिणाम 83.87 प्रतिशत दर्ज किया गया है।

इस बार परीक्षा परिणामों में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। कांगड़ा जिले की छात्रा अनमोल ने 700 में से 699 अंक प्राप्त कर प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। अनमोल की इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में खुशी का माहौल है।

वहीं ऊना जिले के अभिनव मेहता, रूहानी और बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा ने 698 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा हमीरपुर की आश्विका शर्मा और मंडी की अलीशा ठाकुर ने 697 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 93,017 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 77,150 विद्यार्थी सफल घोषित हुए हैं, जबकि 8,422 विद्यार्थियों को कंपार्टमेंट आई है। ऐसे विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिलेगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *