10 मई: हिमाचल प्रदेश के वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की छात्रा नेहा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। व्यवसाय आधारित स्नातक खुदरा प्रबंधन विभाग की छात्रा नेहा का चयन प्रतिष्ठित Capsons Fashion Private Limited में तीन लाख रुपये वार्षिक वेतन पर हुआ है। विशेष बात यह है कि नेहा अभी अपनी स्नातक शिक्षा पूर्ण कर रही हैं और अध्ययन के दौरान ही उन्हें यह शानदार रोजगार प्राप्त हुआ है।
पांगणा क्षेत्र की रहने वाली नेहा ने बारहवीं तक की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा से प्राप्त की। विद्यालय स्तर पर भी उन्होंने खुदरा व्यापार विषय का चयन किया था, जिसने उनके भविष्य को मजबूत आधार प्रदान किया। इसके बाद उन्होंने वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में व्यवसाय आधारित स्नातक खुदरा प्रबंधन पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया। वर्तमान में वह छठे सत्र की छात्रा हैं।
नेहा की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि यह सफलता कौशल आधारित शिक्षा की बड़ी जीत है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में केवल उपाधि ही नहीं, बल्कि कौशल का होना भी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे पाठ्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर सीधे रोजगार से जोड़ रहे हैं।
वहीं, व्यवसाय आधारित स्नातक पाठ्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. बलदेव ने बताया कि खुदरा प्रबंधन पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को पुस्तक आधारित ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है। इसी का परिणाम है कि प्रतिष्ठित निजी कंपनियां लगातार महाविद्यालय के विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर दे रही हैं। नेहा की इस सफलता पर पूरे महाविद्यालय परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है।