9 मई : हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चिट्टा और हेरोइन तस्करी से जुड़े 19 आदतन तस्करों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई प्रदेशभर में एक साथ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए आरोपियों में शिमला से 4, बद्दी से 3, कांगड़ा, बिलासपुर, सोलन और किन्नौर से 2-2 तथा सिरमौर और नूरपुर से 1-1 आरोपी शामिल हैं।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपी बार-बार नशा तस्करी से जुड़े मामलों में शामिल पाए गए हैं और संगठित तरीके से मादक पदार्थों के कारोबार को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधी समाज और खासकर युवाओं के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ पहले भी नशा तस्करी के मामले दर्ज हैं और वे लगातार इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी नशे के खिलाफ इस अभियान में युवाओं और आम जनता की सक्रिय भागीदारी पर जोर दे रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या मादक पदार्थों की बिक्री से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।