8 मई: जिला पंचायत अधिकारी कांगड़ा सचिन ठाकुर ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के तहत जिला कांगड़ा में विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है और बड़ी संख्या में उम्मीदवार नामांकन पत्र दाखिल कर रहे हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 07 मई तक प्रधान पद के लिए 1407, उप-प्रधान पद के लिए 1404, वार्ड सदस्य पद के लिए 3295, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 393 तथा जिला परिषद सदस्य पद के लिए 60 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार जिला भर में अब तक कुल 6559 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधान पद के लिए फतेहपुर ब्लॉक में सबसे अधिक 120 तथा रैत ब्लॉक में 117 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। वहीं उप-प्रधान पद के लिए प्रागपुर ब्लॉक में सर्वाधिक 122 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
वार्ड सदस्य पद के लिए प्रागपुर ब्लॉक में 339 तथा फतेहपुर ब्लॉक में 303 नामांकन प्राप्त हुए हैं। पंचायत समिति सदस्य पद हेतु इंदौरा और नगरोटा सूरियां ब्लॉक में सर्वाधिक 32-32 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।
जिला परिषद सदस्य पद की बात करें तो ज्वाली खंड के कबाड़ी वार्ड में सबसे अधिक 5 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं, जबकि खोली और ठारू वार्ड में 4-4 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।