8 मई: हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत उत्कृष्ट कार्यों के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह सम्मान ऐसे समय मिला है जब प्रदेश का कुल सड़क नेटवर्क बढ़कर 42,779 किलोमीटर से अधिक हो चुका है। इनमें 22 हजार किलोमीटर से ज्यादा सड़कें पीएमजीएसवाई के अंतर्गत बनाई गई हैं, जिससे हजारों दूरदराज गांवों को सड़क संपर्क सुविधा मिली है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क पहुंचाने में विभाग के इंजीनियरों, अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत का यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए पीएमजीएसवाई-4 को भी मंजूरी दे दी है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 2,247 करोड़ रुपये है।
इस परियोजना के तहत प्रदेश की 429 अब तक असंपर्कित बस्तियों को जोड़ने के लिए लगभग 2,300 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। पहले चरण में करीब 1,500 किलोमीटर प्राथमिकता वाली सड़कों के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह परियोजना दूरदराज क्षेत्रों को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ने और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि पीएमजीएसवाई-4 के विस्तार से पहाड़ी राज्यों में आधारभूत संरचना विकास को नई गति मिलेगी, जिससे परिवहन व्यवस्था और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।