8 मई , रवी दत्त भारद्वाज : राजगढ़ सिरमौर में स्थानीय निकाय चुनावों के साथ जिला परिषद चुनाव भी अब पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आने लगे हैं। जिला परिषद वार्ड नेरी-कोटली और करगाणू से कांग्रेस और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए नामांकन पत्र दाखिल किए।
सबसे पहले कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार रितू बाला ने करगाणू वार्ड से अपने समर्थकों के साथ नए बस स्टैंड से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली और निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम राजगढ़ के समक्ष नामांकन पत्र जमा करवाया।
इसके बाद भाजपा समर्थित उम्मीदवार सरोज बाला ने भी नेरी-कोटली वार्ड से नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश वर्मा और पच्छाद विधायक रीना कश्यप की अगुवाई में शहर में पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान नगर पंचायत राजगढ़ के सातों वार्डों से भाजपा समर्थित उम्मीदवार, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर चुनावी माहौल को और गर्माया। बाद में सरोज बाला ने समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
मीडिया से बातचीत में विधायक रीना कश्यप ने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के साथ विकास कार्यों में भेदभाव करने का आरोप भी लगाया।
रीना कश्यप ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में जनता भाजपा के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस सरकार को जवाब देगी।
राजगढ़ में नगर पंचायत और जिला परिषद चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। दोनों दलों द्वारा जनसंपर्क अभियान और शक्ति प्रदर्शन के जरिए चुनावी माहौल को और सक्रिय बनाया जा रहा है।