7 मई: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संगड़ाह उपमंडल की नौहराधार तहसील के देवामानल गांव में खड्ड में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, 8 वर्षीय आयन और 9 वर्षीय अभिनव घर के पास खड्ड किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयन का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। भाई को डूबता देख अभिनव उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में उतर गया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बच्चे खुद को संभाल नहीं सके और डूब गए।
घटना का पता चलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों को 108 एंबुलेंस के जरिए नौहराधार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ भेजा गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत दी जा रही है।
एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दिनों में नदी-नालों और खड्डों के आसपास विशेष सावधानी बरतें।