पीछा और निगरानी का आरोप, कांग्रेस नेता ने उठाए बड़े सवाल

5 मई: हिमाचल प्रदेश में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ललित ठाकुर ने अपनी ही सरकार के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कुछ अज्ञात लोग लगातार उनका पीछा कर रहे हैं और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इस संदिग्ध स्थिति से परेशान होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक चंबा से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की है।

ललित ठाकुर ने पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी को लिखित शिकायत सौंपते हुए मामले की गंभीरता से जांच करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों की पहचान कर उनकी मंशा का पता लगाया जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने घटनाओं से जुड़े सीसीटीवी फुटेज की जांच की भी मांग उठाई है।

शिकायत में उन्होंने बताया कि 2 मई को जब वह एपीएमसी कार्यालय बालू से सरकारी वाहन में लौट रहे थे, तब एक संदिग्ध वाहन लगातार उनका पीछा करता रहा। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट के बाद उन्हें अपनी रेकी किए जाने का शक हुआ। इसके अलावा, उन्होंने एक और घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले भरमौर से लौटते समय भी कुछ संदिग्ध लोग उनकी गाड़ी के पीछे लगे हुए थे।

इन घटनाओं को सामान्य मानने से इनकार करते हुए ललित ठाकुर ने आशंका जताई है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *