5 मई: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े हाइड्रा से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक हादसा पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत हुआ। एचपी 82-8322 नंबर की कार नेरचौक से सुंदरनगर की ओर जा रही थी, जिसमें पांच लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े एक हाइड्रा से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान अनिल कुमार (28) निवासी पलाही, रोहित कुमार (26) निवासी अंद्रेटा और सुभाष कुमार (35) निवासी पलाही, उपमंडल बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है। घायलों में हरीश उर्फ सन्नी (23) निवासी वडमाह और पंकज कुमार निवासी पलाही शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।