5 मई: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के तहत नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई है। जांच के दौरान एक उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया, जबकि 136 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 137 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे। इनमें से नगर परिषद अंब के वार्ड नंबर-6 से प्रत्याशी संदीप कुमार का नामांकन आवश्यक दस्तावेजों की औपचारिकताएं पूरी न होने के कारण खारिज कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 6 मई को सायं 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। इसके बाद शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 31 मई को की जाएगी।