हिमाचल 12वीं रिजल्ट में कांगड़ा का दबदबा, अंशित कुमार ने प्रदेश में किया टॉप

4 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को 12वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया, जिससे हजारों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया। इस बार कांगड़ा जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी पहचान बनाई है।

सुलह विधानसभा क्षेत्र के गुग्गा सलोह निवासी अंशित कुमार ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भवारना के छात्र अंशित ने कला संकाय में 500 में से 496 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।

अंशित के पिता लवेश कुमार निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि माता निशा कुमारी गृहिणी हैं। अंशित शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 10वीं कक्षा में भी 700 में से 674 अंक हासिल किए थे।

अंशित का लक्ष्य भविष्य में आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन करीब 5 से 6 घंटे पढ़ाई करते थे और मोबाइल का उपयोग सीमित रखते हुए दिन में केवल 1 से डेढ़ घंटा ही फोन चलाते थे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय भाटिया सहित समस्त शिक्षक वर्ग ने अंशित की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *