4 मई: शिमला। रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों पर खुशी जाहिर करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी है।
इस वर्ष परीक्षा में कुल 81,417 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से 74,637 विद्यार्थी सफल रहे। इस तरह प्रदेश का कुल पास प्रतिशत 92.02% दर्ज किया गया, जो पिछले वर्षों के मुकाबले बेहतर है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मेरिट सूची में इस बार सरकारी स्कूलों के छात्रों का दबदबा देखने को मिला है, जो राज्य सरकार द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के प्रयासों का सकारात्मक नतीजा है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। खासतौर पर सरकारी स्कूलों के शिक्षकों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनके समर्पण ने छात्रों को सफलता की राह दिखाई है।
इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। 40,281 छात्राओं में से 37,749 पास हुईं, जबकि 40,828 छात्रों में से 36,888 सफल रहे। शिक्षा मंत्री ने बेटियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।
अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगे भी मेहनत जारी रखने, बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और समाज व देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।