जालंधर में रह रही कांगड़ा की नाबालिग से दुष्कर्म, रिश्तेदार पर मामला दर्ज; गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय

4 मई: जिला कांगड़ा के बैजनाथ थाना क्षेत्र के तहत एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार यह केस जालंधर में दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर कांगड़ा स्थानांतरित किया गया है।

मामले में आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक 17 वर्षीय पीड़िता, जो कांगड़ा की रहने वाली है, वर्तमान में जालंधर में पीजी में रहकर एक संस्थान में एयर होस्टेस का प्रशिक्षण ले रही है।

पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि अप्रैल 2026 में उसके दूर के रिश्तेदार, जो बैजनाथ का निवासी है, ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

इतना ही नहीं, गत शुक्रवार को आरोपी जालंधर स्थित उसके पीजी के बाहर पहुंचा और फोन पर दोबारा धमकी देते हुए फिर से दुष्कर्म करने, प्रताड़ित करने और सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की बात कही।

डरी-सहमी पीड़िता ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 और 1098 पर कॉल कर मदद मांगी। इसके बाद बैजनाथ पुलिस ने जीरो एफआईआर के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।

बीर बहादुर सिंह (एएसपी कांगड़ा) ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *