4 मई: हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस की टीम ने लखनपुर स्थित एक निजी होटल में कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधि का खुलासा किया है। इस दौरान तीन युवकों और दो युवतियों को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के ‘होटल बालाजी’ में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हुए हैं। इस पर सदर थाना बिलासपुर की टीम ने योजना बनाकर होटल के कमरा नंबर 205 में दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही कमरे में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
तलाशी के दौरान पुलिस को 15.85 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर मौजूद तीन युवक और दो युवतियों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार लोगों की पहचान वीरभा निवासी रायपुर सहोड़ा (ऊना), धीरज कुमार निवासी बाथू (हरोली, ऊना), अनुज संधु उर्फ अक्षु निवासी बरसंड (झंडूता, बिलासपुर), अंजली शर्मा निवासी गानवी (रामपुर, शिमला) और पूजा निवासी रिकांगपिओ (किन्नौर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशीले पदार्थ का सेवन करने के साथ-साथ इसे आगे बेचने की योजना में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।