टैक्स के विरोध में करसोग में बड़ा फैसला, प्रत्याशी करेंगे नामांकन वापसी

4 मई: करसोग में नगर पंचायत चुनाव को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। रविवार देर शाम स्थानीय लोगों की एक अहम बैठक में सामूहिक रूप से यह फैसला लिया गया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस लेंगे।

नगर पंचायत करसोग में कुल सात वार्ड हैं। इनमें वार्ड नंबर-7 (बरल) से पहले ही चुनाव बहिष्कार का ऐलान करते हुए कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया था, जबकि वार्ड नंबर-1 में केवल एक ही उम्मीदवार ने नामांकन भरा है।

रविवार को पुराने बाजार में आयोजित बैठक में सभी वार्डों के लोगों ने भाग लिया। बैठक में मौजूद अधिकांश उम्मीदवारों ने मीडिया के सामने आकर स्पष्ट कहा कि वे आगामी प्रक्रिया में अपने नामांकन पत्र वापस ले लेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में नगर पंचायत द्वारा विभिन्न प्रकार के टैक्स तो लगाए गए, लेकिन विकास कार्य अपेक्षाकृत बहुत कम हुए हैं। इसी नाराजगी के चलते जनता ने चुनाव से दूरी बनाने का फैसला किया है।

जन एकता संघर्ष समिति के सदस्य और अधिवक्ता पूर्ण चंद ने बताया कि सभी उम्मीदवारों से बातचीत हो चुकी है और वे नामांकन वापस लेने के लिए सहमत हैं। जो लोग बैठक में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने भी अपनी सहमति दे दी है।

इस फैसले के साथ ही अब क्षेत्र में नगर पंचायत को समाप्त कर पुनः आम पंचायत व्यवस्था लागू करने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।

फिलहाल करसोग में चुनावी स्थिति असमंजस भरी बनी हुई है। अब सबकी नजर नामांकन वापसी के दिन पर टिकी है, जब यह स्पष्ट होगा कि सभी प्रत्याशी वास्तव में अपने नामांकन वापस लेते हैं या नहीं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *