3 मई, रवी दत्त भारद्वाज: सिरमौर जिला के राजगढ़ में नगर पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सात वार्डों वाली नगर पंचायत में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब कुल 21 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। अंतिम दिन 6 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जिसके बाद चुनावी माहौल गर्माने लगा है।
इस बार चुनाव में महिला उम्मीदवारों की भागीदारी भी उल्लेखनीय है। कुल 21 प्रत्याशियों में 8 महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। खास बात यह है कि नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन रह चुकी दो महिलाएं भी फिर से चुनावी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
एसडीएम राजगढ़ एवं निर्वाचन अधिकारी कुमार ठाकुर ने बताया कि 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी, जबकि 6 मई तक नाम वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी।
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, नगर पंचायत राजगढ़ में मतदान 17 मई को होगा। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी जल्द शुरू किया जाएगा।
प्रशासन ने चुनाव सामग्री और ईवीएम की सुरक्षा के लिए स्ट्रांग रूम का चयन कर लिया है। वहीं, चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है, जिससे आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और सक्रिय होने की संभावना है।
एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी कुमार ठाकुर ने बताया, “नगर पंचायत राजगढ़ के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 4 मई को स्क्रूटनी और 6 मई तक नाम वापसी का समय रहेगा। 17 मई को मतदान करवाया जाएगा। प्रशासन पूरी तरह तैयार है।”
फिलहाल सभी की नजरें 4 मई की नामांकन जांच और 6 मई की नाम वापसी प्रक्रिया पर टिकी हैं, जिसके बाद चुनाव का अंतिम समीकरण साफ हो जाएगा।