3 मई: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार को एक सड़क हादसा सामने आया, जहां यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ‘देवीदर्शन’ नामक निजी बस रविवार सुबह करीब 6:30 बजे चंबा से ऊना के लिए रवाना हुई थी। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। करीब 11 बजे के आसपास नूरपुर में शनि देव मंदिर के पास बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल नूरपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कुछ लोगों ने टायर फटने की भी संभावना व्यक्त की है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।