3 मई, रवी दत्त भारद्वाज: सिरमौर जिला के राजगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट बदल ली। सुबह जहां तेज धूप खिली हुई थी, वहीं करीब नौ बजे के बाद आसमान में काले बादल छा गए और तेज तूफान, आंधी व बारिश का दौर शुरू हो गया। इस बदलाव से जनजीवन प्रभावित हुआ और तूफान के कारण पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली बोर्ड के कर्मचारियों ने लगभग पांच घंटे बाद सप्लाई बहाल की, लेकिन रविवार होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुबह तक मौसम सामान्य था और धूप निकलने से लोगों ने राहत महसूस की थी, लेकिन कुछ ही समय में हालात बदल गए। घने बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया और लोगों को वाहनों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। तेज हवाओं और बिजली की कड़क से लोग सहम गए।
मौसम में आए इस अचानक बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि गर्मी से राहत मिली है, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
क्षेत्र में गेहूं, जौ और सरसों की फसल अभी खेतों में खड़ी है, जिस पर तेज बारिश और तूफान से नुकसान की आशंका है। इसके अलावा राजगढ़ की प्रमुख नकदी फसल लहसुन के लिए भी यह मौसम नुकसानदायक माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार अधिक नमी और तापमान में गिरावट से लहसुन में सड़न रोग का खतरा बढ़ सकता है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार खराब बना हुआ है और फसल कटाई के समय इस तरह की बारिश चिंता का विषय बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।