2 मई: हमीरपुर में HRTC के एक बस चालक को ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में पकड़ा गया है। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। निगम प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुजानपुर पुलिस को सूचित किया और चालक को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने कितनी मात्रा में नशा किया था।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर डिपो की बस जो हमीरपुर से सुजानपुर (कोट-चौरी-पटलांदर मार्ग) पर जा रही थी, बीच रास्ते में टायर पंक्चर होने के कारण रुक गई। मरम्मत के बाद चालक और कंडक्टर शाम करीब साढ़े छह बजे खाली बस को वापस हमीरपुर ला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक कार से हल्की टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों चालकों के बीच बहस शुरू हो गई।
मौके पर पहुंची टीम को बस चालक की हरकतें संदिग्ध लगीं, जिसके बाद जांच करने पर वह नशे में पाया गया।
हमीरपुर डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही चालक के खिलाफ अगली कार्रवाई तय की जाएगी।