28 अप्रैल: बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। बरमाणा और कोट कहलूर थाना पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को नशीले पदार्थों सहित गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पहले मामले में थाना बरमाणा पुलिस टीम गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। इस दौरान अलसू पुल के पास शेड के नीचे बैठे दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। संदेह होने पर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 611 ग्राम चरस बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजू (38), निवासी रायपुर, जिला देहरादून (उत्तराखंड) और अजय कुमार (41), निवासी रोखड़ी, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
दूसरे मामले में थाना कोट कहलूर पुलिस टीम मजार-दबट सड़क पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मजारी पुल के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में घूमता मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 176 ग्राम अफीम डोडा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान नंद लाल (39), निवासी काहीवाल, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस दोनों मामलों में तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि नशीले पदार्थों की सप्लाई किन-किन लोगों तक की जानी थी।