कुनिहार के हाटकोट में टोका मशीन में करंट आने से 46 वर्षीय महिला की मौत

26 सितंबर: सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र के हाटकोट गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 46 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घास काटने की मशीन (टोका) में अचानक करंट आने से महिला इसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, हाटकोट निवासी बनिता पत्नी राजेश कुमार शुक्रवार को रोजाना की तरह टोका मशीन पर काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मशीन में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें कुनिहार अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अर्की अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हादसे की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। कुनिहार विकास सभा के प्रधान धनीराम तनवर सहित कार्यकारिणी सदस्य भागमल तनवर, जगदीश ठाकुर, दीपराम ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों ने बनिता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि बनिता नेक दिल महिला थीं और उनका परिवार क्षेत्र के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में हमेशा सक्रिय रहा है। स्थानीय लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *